कलाम की तलाशी लेने वालों के खिलाफ मामला दर्ज
संयुक्त पुलिस आयुक्त सत्येंद्र गर्ग ने आईएएनएस को बताया, "हमें एक शिकायत प्राप्त हुई और हमने उसके अनुसार मामला दर्ज कर लिया है।"
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थित पुलिस थाने में दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) में कितने लोगों के नाम दर्ज हैं और कानून की किस धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।
लेकिन उच्चपदस्थ सूत्रों ने कहा है कि सार्वजनिक विमानन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) की शिकायत पर दर्ज किया गया है। ब्यूरो ने अपनी शिकायत में कलाम की पूरी तलाशी लेने के मामले को नागरिक उड्डयन के नियमों का उल्लंघन बताया है। तलाशी के दौरान कलाम से उनके जूते तक उतारने के लिए कहा गया।
इस घटना की राष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हुई है। सरकार ने भारतीय नियमों के सायास उल्लंघन के लिए कांटिनेंटल एयरलाइन्स को नोटिस जारी किया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री प्रफुल्ल पटेल ने राज्यसभा में कहा, "पूर्व राष्ट्रपति कलाम की तलाशी की यह घटना शर्मनाक थी। सदन की भावना का सम्मान करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications