सीबी-सीआईडी टीम ने जोशी के घर का मुआयना किया
सीबी-सीआईडी के पुलिस महानिरीक्षक(आईजी) ए.एल.बनर्जी के नेतृत्व में टीम आगजनी का शिकार हुए जोशी के घर पहुंची और करीब एक घंटे तक घटनास्थल का मुआयना किया। टीम ने फारेंसिक जांच के लिए कुछ जले हुए अवशेष एकत्र किए।
बनर्जी ने आईएएनएस को बताया कि राज्य सरकार की तरफ से हमें जांच के निर्देश दे दिए गए हैं, जिसके तहत आज दोपहर बाद हम जोशी के घर गए थे।
जांच के बारे में कुछ भी बताने से इनकार करते हुए बनर्जी ने कहा कि हम जल्द से जल्द अपनी जांच पूरी करने की कोशिश करेंगे। इससे पहले रविवार को मायावती सरकार ने आगजनी की घटना की सीबी-सीआईडी जांच के आदेश दिए थे। उन्होंने जांच के लिए समय सीमा निर्धारित नहीं की है।
राज्य के कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने रविवार को संवाददाताओं से कहा था कि आगजनी की घटना की जांच को लेकर राज्य सरकार पर कोई उंगली न उठाए इसलिए जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जांच सीबी-सीआईडी को सौंपी गई और जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर कांग्रेस ने सीबी-सीआईडी जांच को पूरी तरह से नामंजूर कर दिया है। पार्टी लगातार मांग कर रही है कि पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई)से कराई जाए।
कांग्रेस ने मायावती सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने 31 जुलाई तक मामले की जांच सीबीआई को नहीं कराई तो 1 अगस्त से पार्टी प्रदेशव्यापी प्रदशर्न करेगी।
मालूम को हो कि गत बुधवार को जोशी द्वारा बहुजन समाज पार्टी(बसपा) प्रमुख एवं मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ कथित अभद्र भाषा का प्रयोग करने के बाद आक्रोशित कुछ लोगों ने जोशी के लखनऊ स्थित आवास को फूंक दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications