कलाम मामले में विमानन कंपनी को नोटिस (लीड-3)
नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा, "डा. कलाम की तलाशी अक्षम्य है। सदन की भावना के अनुरूप इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।"
हाल ही में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर नेवार्क के लिए उड़ान का इंतजार कर रहे पूर्व राष्ट्रपति कलाम के पूरे शरीर की तलाशी ली गई, यहां तक की उनसे जूता उतारने को भी कहा गया था।
इस मामले पर सदन के सभी सांसदों द्वारा आक्रोश प्रकट किए जाने के बाद मंत्री ने यह बयान दिया।
पटेल ने कहा कि जानबूझकर कानून का उल्लंघन करने के कारण एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 11 ए के तहत कांटीनेंटल को नोटिस जारी किया गया है।
पटेल ने कहा कि तलाशी या उस तरह की कोई भी कार्रवाई अक्षम्य है क्योंकि पूर्व राष्ट्रपति और कुछ अन्य विशिष्ट लोगों को सुरक्षा जांच से छूट है।
सदन में शून्य काल के दौरान विपक्ष के नेता अरुण जेटली द्वारा इस मामले को उठाए जाने के बाद उपाध्यक्ष के. रहमान खान ने कहा, "पूरे सदन की भावना है कि यह एक गंभीर मुद्दा है। मुझे आशा है कि सरकार इस पर ध्यान देगी और कार्रवाई करेगी।"
उधर अमेरिकी विमानन कंपनी कंटीनेंटल ने एक बयान जारी कर कहा है कि सुरक्षा जांच अमेरिका जाने वाले सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य है और इसमें कोई भी अपवाद नहीं है।
कंपनी ने कहा, "अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के नियमों व आवश्यकताओं का कांटिनेंटल एयरलाइन्स अनुसरण करती है। इसी के तहत अमेरिका जाने वाले सभी यात्रियों की सुरक्षा जांच होती है। सभी कंपनियां इस नियम का अनुसरण करती हैं। इस नियम में कोई भी अपवाद नहीं है।"
कंटीनेंटल एयरलाइन्स के भारत मामलों के वरिष्ठ निदेशक लॉरेंट रिकौरा ने कहा, "हमारा विश्वास है कि डा. कलाम का अपमान नहीं किया गया है और उन्होंने जो हमें सेवा का मौका दिया उसके लिए हम फिर से धन्यवाद देते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications