जलवायु परिवर्तन पर मतभेदों को हल्का बताने का अमेरिका का प्रयास
वाशिंगटन, 21 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के साथ जलवायु परिवर्तन पर मतभेदों को हल्का बताने की कोशिश करते हुए अमेरिका ने कहा है कि कोपेनहेगेन में एक नए संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन समझौते तक पहुंचने के लिए यथासंभव प्रयास करने के लिए दोनों देशों की प्रतिबद्धता से वह उत्साहित हैं।
सार्वजनिक मामलों के लिए सहायक विदेश मंत्री फिलिप जे.क्रावले ने सोमवार को संवाददाताओं के एक प्रश्न के जवाब में यह बात कही। पत्रकारों ने उनसे पूछा था कि जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर भारत-अमेरिका के तीखे मतभेद से दोनों की रणनीतिक भागीदारी कितनी प्रभावित हो सकती है।
पर्यावरण और वन राज्यमंत्री जयराम रमेश के रविवार के बयान का हवाला देते हुए क्रावले ने स्वीकार किया कि निश्चय ही कुछ मामलों पर मतभेद हैं, जो विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की यात्रा के दौरान भी वे सामने आए हैं।
रमेश ने रविवार को कहा था कि भारत कानूनी रूप से बाध्यकारी किसी भी ग्रीन हाउस उत्सर्जन सीमा को स्वीकार नहीं करेगा।
क्रावले ने कहा कि मतभेद उतने अधिक नहीं है, जितने कुछ लोग बता रहे हैं। इस मुद्दे पर अभी वार्ता जारी है।
उन्होंने कहा,"मेरा मानना है कि दोनों देशों की कोपेनहेगेन में इस वर्ष के अंत में किसी समझौते पर पहुंचने के लिए यथासंभव प्रयास की प्रतिबद्धता उत्साहजनक है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications