देश में स्वास्थ्य क्षेत्र का खर्च 2013 तक 14 अरब डॉलर के पार होने के आसार
वैश्विक सलाहकार कंपनी केपीएमजी ने भारतीय स्वास्थ्य क्षेत्र पर मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा है कि पूरे भारत में वर्ष 2009-2013 के बीच स्वास्थ्य ढांचे पर खर्च 5.8 प्रतिशत वार्षिक की दर से बढ़ने का अनुमान है। वर्ष 2013 में कुल खर्च 14.2 अरब डॉलर होने की उम्मीद है।
केपीएमजी ने कहा कि जिन 32 राज्यों की समीक्षा की गई, उनमें कुल खर्च का 50 फीसदी हिस्सा महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में व्यय होगा।
रिपोर्ट के अनुसार भारतीय स्वास्थ्य उद्योग का आकार वर्ष 2012 तक दोगुना और वर्ष 2017 तक चार गुना होने की उम्मीद है।
केपीएमजी के बाजार और स्वास्थ्य सेवा के प्रमुख प्रदीप कनाकिया ने कहा कि यद्यपि भारतीय स्वास्थ्य उद्योग पिछले कुछ वर्षो में कई गुना बढ़ा है लेकिन फिर भी बढ़ती हुई जनसंख्या की मांग को पूरा करने में सक्षम नहीं है।
उन्होंने इसका एक उदाहरण देते हुए कहा कि विश्व में अस्पतालों में बिस्तरों की उपलब्धता का औसत प्रति 1000 जनसंख्या पर चार है लेकिन भारत में यह औसत केवल 0.7 है।
कनाकिया ने स्वास्थ्य क्षेत्र में नीतिगत सुधारों पर जोर देते हुए कहा कि निजी-सार्वजनिक भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ही बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश की अनुमति मिलनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications