अमेरिकी दौरे पर ओबामा से मिल सकते हैं दलाई लामा
धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), 21 जुलाई (आईएएनएस)। निर्वासित तिब्बती नेता दलाई लामा इस वर्ष अक्टूबर में जब अपने अमेरिका दौरे पर जाएंगे तो ओबामा प्रशासन से अपने निर्वासन और तिब्बत के भविष्य पर चीन से बातचीत की प्रक्रिया शुरू करने का मुद्दा उठाएंगे।
अमेरिका दौरे पर दलाई लामा की अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ बैठक प्रस्तावित है। हालांकि दलाई लामा के कार्यालय ने औपचारिक तौर इसकी पुष्टि नहीं की है।
दलाई लामा के कार्यालय के सूत्रों ने आईएएनएस से कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और दलाई लामा के बीच प्रस्तावित बैठक की औपचारिकताओं को कुछ ही दिनों में अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
दलाई लामा के कार्यालय में एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "अमेरिकी अधिकारी बैठक की तिथि आदि को अंतिम रूप देने को लेकर उत्सुक हैं। दलाई लामा भी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ निर्वासन और तिब्बत के भविष्य को लेकर बातचीत प्रक्रिया शुरू करने का मुद्दा उठाने को उत्सुक हैं।"
अधिकारी ने कहा कि चीन की प्रतिक्रिया के मद्देनजर दोनों नेताओं के बीच होने वाली बैठक को गुप्त रखा जा रहा है।
मध्य मार्ग की नीति में विश्वास रखने वाले दलाई लामा तिब्बत के लिए वृहत्तर स्वायत्तता की मांग करते हैं जबकि चीन उन्हें विरोधी तत्व के रूप में देखता है जो कि तिब्बत को चीन से अलग करना चाहते हैं।
चीन ने ओबामा और दलाई लामा के प्रस्तावित बैठक की आलोचना की है और कहा है कि इससे चीन-अमेरिका के संबंधों में खटास आएगी।
दलाई लामा के सचिव तेजिन तकल्हा ने कहा कि दलाई लामा अक्टूबर में अमेरिका जाएंगे। हालांकि उन्होंने दलाई लामा और ओबामा की बैठक की पुष्टि करने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications