तलाशी से कलाम को नहीं थी कोई परेशानी !
नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम की एक निजी विमानन कंपनी के कर्मचारियों द्वारा हवाई अड्डे पर ली गई तलाशी को लेकर उपजे विवाद के बाद उनके कार्यालय ने मंगलवार को कहा है कि विदेश यात्रा के दौरान पूर्व राष्ट्रपति निर्धारित सुरक्षा घेरों का पालन करते हैं।
इस साल अप्रैल में नेवार्क (न्यू जर्सी) के लिए अमेरिकी विमानन कंपनी कांटिनेंटल एयरलाइंस की उड़ान पकड़ने के दौरान इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूर्व कलाम की तलाशी ली गई थी।
कलाम के निजी सचिव एच. शेरीदन ने कहा, "तलाशी के बारे में कलाम ने कोई शिकायत नहीं की थी। हर किसी की जांच हो रही थी और उनके साथ भी यही हुआ।"
शेरीदन ने कहा, "वैसे भी कलाम प्रोटोकाल की औपचारिकता छोड़ चुके हैं।"
शेरिदन ने कहा, "उस तारीख तक विदेश यात्रा के लिए कलाम की तलाशी नहीं हुई थी। वह पहला मौका था। हालांकि जब भी वह विदेश जाते हैं तो वह सामान्य सुरक्षा घेरे से ही गुजरते हैं।"
उल्लेखनीय है कि देश के कुछ अतिविशिष्ट लोगों को सुरक्षा जांच से परे रखा गया है और यह नियम निजी विमान कंपनियों पर भी लागू होता है।
इसमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, पूर्व राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्रियों, सर्वोच्च न्यायालय व उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीशों, कैबिनेट सचिव, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications