हंगामे के कारण छत्तीसगढ़ विधानसभा दूसरे दिन भी स्थगित
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे जैसे ही शुरू हुई, कांग्रेस के सदस्य अपने-अपने स्थान पर खड़े हो गए और भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सरकार का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री रमन सिंह के इस्तीफे की मांग करने लगे।
विपक्ष के नेता रवींद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने यह कहते हुए नारेबाजी शुरू कर दी कि जब तक मुख्यमंत्री नक्सली हमले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक वे सदन की कार्यवाही नहीं चलने देंगे।
ज्ञात हो कि नक्सली हमले में एक पुलिस अधीक्षक सहित 29 पुलिस कर्मी मारे गए थे।
विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने विपक्षी सदस्यों से सदन की मर्यादा बनाए रखने की अपील की और सदन की कार्यवाही थोड़े-थोड़े समय के लिए दो बार स्थगित की। लेकिन जैसे ही सदन कार्यवाही फिर से शुरू हुई, विपक्षी सदस्य फिर से सरकार विरोधी नारे लगाने लगे। अंतत: विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया। विधानसभा की अगली बैठक 23 जुलाई को होगी।
भाजपा सरकार में एक वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विधानसभा परिसर में संवाददाताओं से कहा, "विपक्ष अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है। सदन की कार्यवाही में व्यवधान डालना पूरी तरह गैरजिम्मेदाराना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications