सूर्यग्रहण देखने वालों को बादल कर सकते हैं निराश
राजधानी में दोपहर में हल्की बारिश से जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली वहीं सूर्यग्रहण देखने को लेकर उत्सुक लोगों में निराशा भी फैल गई कि कहीं बुधवार को भी मौसम ऐसा ही न रहे।
सफदरजंग मौसम कार्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि अगले 24 घंटे में राजधानी में बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ रिमझ्झिम बारिश होगी, जिससे दुर्लभ ग्रहण को दखने में कठिनाई हो सकती है।
प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने आईएएनएस को बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है, जिस कारण प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे, जिससे सूर्य ग्रहण देखने में मुश्किल हो सकती है।
गुप्ता ने कहा कि इलाहाबाद, लखनऊ और वाराणसी में बादल छाए रहने की संभावना है। पहले कहा गया था कि इन जगहों से सूर्यग्रहण को अच्छी तरह से देखा जा सकता है।
भोपाल स्थित मौसम विभाग ने भी कहा है कि प्रदेश में बुधवार सुबह आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। प्रदेश के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के निदेशक डी.पी.दुबे ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बने रहने के कारण अधिकतर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications