उड़ीसा में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 36 हुई
अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ के पानी की वजह से तटबंधों और सड़कों मे दरार पड़ गई हैं जिस वजह से राज्य के आठ जिलों के कई इलाकों का संपर्क कटा हुआ है।
राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सूर्य नारायण पात्रो ने सोमवार को आईएएनएस को बताया, "अब तक 36 लोगों की मौत हो चुकी है। ज्यादातर लोगों की मौत डूबने की वजह से हुई है। कुछ लोग मकानों के गिरने की वजह से मरे हैं।"
उन्होंने कहा,"बाढ़ से बौध, नयागढ़, कंधमाल, कोरापुट, रायगाडा, बोलांगीर, कालाहांडी और जगतसिंहपुर जिले प्रभावित हुए हैं। राज्य का दक्षिणी हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ है जहां सैकड़ों लोग फंसे हुए हैं।"
राज्य के कृषि मंत्री दामोदर राउत ने बताया, "हमने बाढ़ प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों से कहा है कि वे नुकसान के बारे में रिपोर्ट सौंपे।"
उधर, स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान और बारिश हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि अगर और बारिश हुई तो स्थिति पहले से ज्यादा खराब हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications