सेना प्रमुख दीपक कपूर उच्चस्तरीय बातचीत के लिए अमेरिका पहुंचे (लीड-1)
वाशिंगटन, 20 जुलाई (आईएएनएस)। सेना प्रमुख दीपक कपूर अमेरिकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स और ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल माइक मुलेन सहित शीर्ष सैन्य अधिकारियों से बातचीत के लिए अपनी सप्ताह भर लंबी यात्रा पर सोमवार को अमेरिका पहुंचे।
भारतीय सेना प्रमुख के रूप में अमेरिका की अपनी पहली यात्रा के दौरान जनरल कपूर अमेरिकी सेना प्रमुख जार्ज डब्ल्यू. केसी, अमेरिका के मध्य कमान के प्रमुख जनरल डेविड पेट्राइस से भी मुलाकात करेंगे और कई सारे द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा अफगानिस्तान-पाकिस्तान की स्थिति पर चर्चा करेंगे।
जनरल कपूर अफगानिस्तान-पाकिस्तान पर केंद्रित बातचीत के लिए फ्लोरिडा में टाम्पा स्थित सीईएनटीसीओएम मुख्यालय जाएंगे।
जनरल कपूर उत्तरी कैरोलिना स्थित अमेरिका के अति आक्रामक और सक्रिय सैन्य संस्थान फोर्ट ब्रैग का भी दौरा करेंगे। यह संस्थान 82वें एयरबोर्न डिविजन और अमेरिकी सेना के स्पेशल आपरेशंस कमांड का केंद्र है।
जनरल कपूर अपनी यात्रा के दौरान अमेरिकी सेना के बौद्धिक केंद्र के रूप में पहचान रखने वाले कैंसास स्थित फोर्ट लिवेनवर्थ तथा कैलीफोर्निया स्थित अमेरिकी सेना के नेशनल ट्रेनिंग सेंटर का भी दौरा करेंगे।
सेना प्रमुख का अमेरिकी दौरा ऐसे समय में शुरू हुआ है, जब अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन भारत यात्रा पर हैं।
अफगानिस्तान में 20 अगस्त को आम चुनाव होने वाले हैं। वहां शांतिपूर्ण चुनाव के लिए अमेरिका भारत से सीख लेना चाहता है। यद्यपि भारत अफगानिस्तान में सैन्य कार्यक्रमों से सीधे तौर पर नहीं जुड़ा है, लेकिन युद्ध से तबाह हुए अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण कार्यक्रमों में वह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications