अमेरिका में भारत और पाक के रंगकर्मी करेंगे नाटक का मंचन
वाशिंगटन, 20 जुलाई (आईएएनएस)। अपनी संयुक्त संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए अमेरिका में भारतीय और पाकिस्तानी कलाकारों ने हाथ मिलाया है। नाटक 'जिने लाहौर नइ देख्या' का प्रदर्शन 14 और 15 अगस्त को केनेडी कला केंद्र में किया जाएगा।
इस नाटक का प्रदर्शन न्यूयार्क,लंदन और सिडनी में भी होगा। पाकिस्तान और भारत के स्वतंत्रता दिवस के दिन आयोजित होने वाले इस नाटक का निर्देशन उमेश अग्निहोत्री कर रहे हैं। फोनिक्स राइजिंग मीडिया ग्रुप के बैनर तले प्रदर्शित होने वाले नाटक की प्रोड्यूसर पुष्पा दशोत्तर हैं।
हिंदी के इस मशहूर नाटक का लेखन असगर वजाहत ने किया है। इसमें वर्ष 1947 के भारत-पाकिस्तान के बंटवारे को आधार बनाया गया है।
इसमें लखनऊ से शरणार्थी बनकर लाहौर पहुंचे एक मुसलमान और लाहौर से पलायन कर भारत आ गए एक परिवार की मां की कहानी है, जो किसी कारण से पीछे छूट जाती है।
यह नाटक 1947 के बंटवारे में मारे गए लाखों हिंदुओं, मुस्लिमों और सिखों को समर्पित है। यह आधुनिक भारतीय रंगमंच की आधारशिला रखने वाले हबीब तनवीर के प्रति भी श्रद्धांजलि होगी, जिनका हाल ही में निधन हुआ है। तनवीर ही वर्ष 1992 में इस नाटक को चर्चा में लाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications