प्रधानमंत्री और क्लिंटन के बीच वार्ता शुरु
नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पांच दिन की यात्रा पर भारत आई अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के बीच सोमवार दोपहर वार्ता शुरु हो गई।
दोनों नेताओं की बातचीत में मुंबई हमलों और उसके बाद की स्थिति, अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र के हालात और उसमें भारत की भूमिका पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मिस्र के शर्म अल-शेख में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के साथ हुई अपनी मुलाकात और पाकिस्तान के साथ बातचीत के बारे में भारत के रुख से क्लिंटन को अवगत करा सकते हैं।
अमेरिका में राष्ट्रपति बराक ओबामा के पदभार संभालने के बाद पहली वरिष्ठ अमेरिकी प्रतिनिधि के रूप में भारत आई क्लिंटन के सम्मान में प्रधानमंत्री दोपहर का भोज देंगे।
क्लिंटन इस दौरान भारत-अमेरिकी संबंधों के '3.0' चरण के बारे में अपने दृष्टिकोण बताएंगी। इसमें रक्षा और ऊर्जा से लेकर शिक्षा और विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक छह-पक्षीय रणनीतिक वार्ता भी शामिल होगी।
आज ही क्लिंटन विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इस दौरान कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर भी हो सकते हैं।
भारत आंध्र प्रदेश और गुजरात में अमेरिकी परमाणु रिएक्टरों के लिए दो स्थलों की घोषणा भी कर सकता है। दोनों देशों के बीच हुए असैन्य परमाणु समझौते के क्रियान्वयन की दिशा में यह पहला ठोस कदम होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications