वार्ता के लिए नई दिल्ली पहुंची क्लिंटन (लीड-1)
नई दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद वह गुड़गांव के लिए रवाना हो गईं, जहां वह जलवायु परिवर्तन पर आयोजित एक सेमिनार में हिस्सा लेंगी। सोमवार को वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा से मुलाकात करेंगी।
गुड़गांव के बाद वह नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र जाएंगी, जहां वह कृषि के क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग पर व्याख्यान देंगी। रविवार शाम को वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगी।
सोमवार दोपहर को वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगी। प्रधानमंत्री से मुलाकात में वह द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगी। प्रधानमंत्री से मुलाकात से पूर्व क्लिंटन दिल्ली विश्वविद्यालय भी जाएंगी।
सामरिक भागीदारी को बढ़ाने के उदेश्य से क्लिंटन भारतीय विदेश मंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता करेंगी। नागरिक परमाणु सहयोग के अलावा दोनों पक्ष आर्थिक, रक्षा सहयोग, कृषि, विज्ञान और शिक्षा जैसे मसलों पर चर्चा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।