हिलेरी ने भारतीय उद्योगपतियों के साथ आर्थिक संकट पर चर्चा की (लीड-1)
विदेश मंत्री पद पर आसीन होने के बाद पहली बार भारत यात्रा पर आई हिलेरी ने उद्योगपतियों से मुलाकात से पहले ताज महल पैलेस और टावर होटल में शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए।
हिलेरी ने उद्योगपतियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हम भारत के साथ उम्मीदों से भरपूर नए युग में प्रवेश कर रहे हैं।" हिलेरी के साथ बैठक में रतन टाटा, मुकेश अंबानी, स्वाति पिरामल, सुधा मूर्ति, चंदा कोचर और एडी गोदरेज सहित देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया।
हिलेरी ने बताया, "उद्योगपतियों के साथ मैंने उत्साहवर्धक और उपयोगी बातचीत की। हमने वर्तमान आर्थिक संकट के प्रति दृष्टिकोण पर भी चर्चा की।"
इस मुलाकात से पहले हिलेरी ने होटल में 26 नवंबर के हमले में मारे गए लोगों स्मृति में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए वह शुक्रवार को इस होटल में ठहरीं।
मुंबई हमलों में 26 विदेशियों समेत 170 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
उन्होंने आतंकवादियों के नापाक मंसूबों का निशाना बने ताज और ट्राइडेंट-ओबेरॉय होटल के कर्मचारियों से भी कुछ देर तक बातचीत की।
हिलेरी ने कहा, "ताज और ओबेरॉय के कर्मचारियों से मुलाकात कर मैं द्रवित हो उठी।"
शनिवार शाम को हिलेरी अहमदाबाद के एक स्वयंसेवी संगठन सेल्फ-एंप्लायड वमूंस एसोसिएशन (सेवा) के मुंबई स्थित विपणन मुख्यालय जाएंगी। वह सेवा के सदस्यों द्वारा तैयार वस्त्र उत्पादों का अवलोकन करेंगी।
दोपहर बाद करीब तीन बजे हिलेरी छत्रपति शिवाजी टर्मिनल (सीएसटी) रेलवे स्टेशन के पास सेंट जेवियर कॉलेज जाएंगी। सीएसटी को भी नवंबर में हुए आतंकवादी हमले में निशाना बनाया गया था।
शुक्रवार को मुंबई पहुंचते ही तत्काल ताज होटल गईं थी। आतंकवादी हमलों के पीड़ितों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उन्होंने मुंबई यात्रा के दौरान इसी होटल में ठहरने का फैसला किया।
हिलेरी रविवार को दिल्ली जाएंगी। जहां वे प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों से मुलाकात करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications