भारत-पाक वार्ता अमेरिकी दवाब में नहीं : हिलेरी
विदेश मंत्री का पद संभालने के बाद पहली बार भारत आई हिलेरी ने संवाददाताओं से कहा कि अमेरिका भारत-पाक वार्ता का समर्थन करता है लेकिन वह इससे प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि वार्ता बहाल करने का फैसला दोनों देशों ने लिया है।
शर्म-अल शेख में गुरुवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया था कि दोनों देश विदेश सचिव स्तर की वार्ता फिर से बहाल करने पर सहमत हो गए हैं।
हिलेरी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग के प्रति अमेरिका प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "आतंकवाद के खतरों से किस प्रकार निपटा जाए इस संबंध में हम यहां आगामी दिनों में भारतीय नेताओं से चर्चा करेंगे।"
शुक्रवार को इंडोनेशिया के दो होटलों में हुए विस्फोटों की भी उन्होंने निंदा की। इनमें कम से कम आठ लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पूरे विश्व के लिए खतरा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*