क्लिंटन के बाद होलब्रुक आएंगे भारत
वाशिंगटन, 18 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के बाद अब अगले हफ्ते पाकिस्तान और अफगानिस्तान मामलों के विशेष अमेरिकी दूत रिचर्ड होलब्रुक भारत आएंगे।
अमेरिकी विदेश विभाग में लोक मामलों के सहायक मंत्री फिलिप जे. क्राउले ने शुक्रवार को संवाददाताओं को होलब्रुक के आगामी भारत दौरे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओबामा प्रशासन दक्षिण एशिया मसले पर विशेष नजर रखे हुए है।
भारत और पाकिस्तान के संबंधों के बारे में क्राउले ने शर्म-अल शेख में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और युसूफ रजा गिलानी की मुलाकात और संयुक्त बयान के हवाले से कहा कि दोनों देश आपसी सहयोग बढ़ाने और आतंकवाद से निपटने के लिए सूचनाओं के आदान-प्रदान पर सहमत हुए हैं।
संयुक्त बयान के बारे में क्राउले ने कहा, "यह एक महत्वपूर्ण कदम है। क्लिंटन इस वर्ष पाकिस्तान का भी दौरा करेंगी।" उन्होंने कहा कि होलब्रुक अगले हफ्ते दक्षिण एशिया के दौरे के दौरान भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बेल्जियम जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications