भारत तिपाईमुख बांध परियोजना को रद्द करे : खालिदा
समाचार एजेंसी बीडीन्यूज24 डाट काम ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की नेता खालिदा के हवाले से कहा कि इस बांध का दोनों देशों के पर्यावरण पर खतरनाक प्रभाव होगा। खालिदा ने इस मुद्दे पर सरकार को पूरा सहयोग देने की बात कही है।
एक सेमिनार को संबोधित करते हुए खालिदा ने मनमोहन सिंह की बांग्लादेश को नुकसान नहीं पहुंचाने के आश्वासन के लिए प्रशंसा की।
मिस्र में 15 वें गुटनिरपेक्ष देशों के सम्मेलन के अवसर मनमोहन सिंह ने शेख हसीना को आश्वस्त किया था कि भारत ऐसा कुछ भी नहीं करेगा जिससे बांग्लादेश को नुकसान हो।
बीएनपी नेताओं ने शुक्रवार को कहा था कि विपक्ष भारत के आश्वासन से संतुष्ट नहीं है।
विपक्षी दलों और पर्यावरणविदों का आरोप है कि बांध निर्माण से पर्यावरण, पारिस्थितिकी और बांग्लादेश में पेयजलापूर्ति प्रभावित होगी।
उल्लेखनीय है कि बांध स्थल का दौरा करने के लिए बांग्लादेश के सांसदों और जल संसाधन विशेषज्ञों का एक दल 29 जुलाई को भारत आएगा।
बांध स्थल का दौरा करने के भारत के मई के प्रस्ताव पर अनिश्चितता समाप्त करते हुए विदेश राज्यमंत्री हसन महमूद ने मीडिया को बताया कि संसदीय दल 29 जुलाई को भारत रवाना होगा।
बांग्लादेश में विपक्षी दलों ने बांध का विरोध कर रहे पर्यावरणवादियों और स्वयंसेवी संगठनों से हाथ मिला लिया है और परियोजना के खिलाफ रैलियां कर रहे हैं। परंतु भारत और बांग्लादेश की सरकारें मसले को वार्ता के माध्यम से सुलझाना चाहती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications