क्लिंटन ने भारत के साथ प्रगाढ़ रणनीतिक संबंधों की इच्छा जताई (राउंडअप)
ज्ञात हो कि क्लिंटन ने मुंबई प्रवास के लिए उसी ताज महल होटल को चुना, जिसे पिछले वर्ष नवंबर महीने में आतंकियों ने निशाना बनाया था।
आकर्षक लाल रंग का सूट पहने क्लिंटन ने अपने दिन भर के व्यस्त कार्यक्रम के दौरान उद्योगपतियों, मुंबई हमले के पीड़ितों, महिला कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, अध्यापकों और छात्रों से मुलाकात की और तमाम लोगों का दिल जीत लिया।
भारी वर्षा के बीच शुक्रवार की रात मुंबई पहुंची क्लिंटन ने घोषणा की कि अमेरिका, भारत के साथ नए और अपेक्षाकृत आशाजनक रिश्तों के एक युग में प्रवेश कर रहा है, इसलिए कि अमेरिका चाहता है कि दोनों देशों के बीच का रिश्ता व्यापक और प्रगाढ़ हो।
क्लिंटन ने कहा कि वह उस रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करने के प्रति आशावान हैं, जो हथियारों के अंतिम इस्तेमाल और भारत को बेची जाने वाली संवेदनशील प्रौद्योगिकियों की निगरानी के लिए वाशिंगटन को अधिकृत कर देगा, ताकि इन प्रौद्योगिकियों को अन्य देशों को स्थानांतरित न किया जा सके।
क्लिंटन से जब हथियारों के 'एंड यूजर मॉनिटरिंग' संधि की स्थिति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हम कई सारे समझौतों को अंतिम रूप देने के लिए कठिन परिश्रम कर रहे हैं। मैं आशावान हूं कि हम इस समझौते करने में सफल होंगे।"
इस बात की संभावना है कि विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा के साथ सोमवार को क्लिंटन की प्रस्तावित मुलाकात के दौरान हथियारों के अंतिम उपयोगकर्ता प्रमाणन संधि पर दोनों देशों के बीच हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।
इस बीच क्लिंटन ने मुंबई हमलों के दौरान जीवित बचे कुछ लोगों से मुलाकात की और वैश्विक आतंकवाद को 'निर्मम और नास्तिकतावादी' करार देते हुए उसे रोके जाने की जरूरत पर बल दिया।
सबसे पहले शनिवार सुबह उन्होंने भारत के प्रमुख उद्योगपतियों के एक समूह के साथ यहां आयोजित मुलाकात के दौरान ऊर्जा संरक्षण, कृषि, वैश्विक आर्थिक संकट और जलवायु परिवर्तन जैसे मसलों पर चर्चा की।
क्लिंटन ने बाद में मीडिया से कहा, "हम उम्मीदों भरे एक नए युग में दाखिल हो चुके हैं।" टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा द्वारा आयोजित बैठक में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने कहा कि बैठक में आर्थिक संकट के समाधान के मसले पर चर्चा हुई।
क्लिंटन ने कहा, "हमें उम्मीद है कि हम अपने बच्चों के लिए बेहतर दुनिया का निर्माण करेंगे।" क्लिंटन के साथ आयोजित बैठक में रतन टाटा के अलावा मुकेश अंबानी, स्वाति पीरामल, सुधा मूर्ति, चंदा कोचर और अदि गोदरेज सहित देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया।
क्लिंटन ने बताया, "उद्योगपतियों के साथ मैंने उत्साहवर्धक और उपयोगी बातचीत की। हमने वर्तमान आर्थिक संकट के प्रति दृष्टिकोण पर भी चर्चा की।"
क्लिंटन ने कहा कि पाकिस्तान को भारतीय हितों के विरुद्ध काम करने वाले आतंकवादी गुटों का सफाया करने की जरूरत है। क्लिंटन ने कहा, "हम समझते हैं कि उनका सफाया होना चाहिए, उन्हें अवश्य परास्त किया जाना चाहिए, उन्हें नष्ट किया जाना चाहिए। हम ऐसा स्पष्ट तौर पर कहते आए हैं। हम ऐसा कहते रहेंगे।"
उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान अमेरिकी दबाव में वार्ता बहाली को सहमत नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों ही संप्रभु राष्ट्र हैं। क्लिंटन ने संवाददाताओं से कहा कि अमेरिका भारत-पाक वार्ता का समर्थन करता है लेकिन वह इससे प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि वार्ता बहाल करने का फैसला दोनों देशों ने लिया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम में भारत की पूरी सहायता करेगा। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के मसले पर कहा, "इस मुद्दे पर विकसित देशों ने गलती की है। हम इसके लिए जिम्मेदार हैं। हम आशा करते हैं कि भारत जैसे महान देश ऐसी गलती नहीं करें।"
इससे पहले शनिवार सुबह क्लिंटन ने ताज होटल में 26 नवंबर के हमले में मारे गए लोगों स्मृति में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति सहानुभूति प्रदर्शित करने के लिए वह शुक्रवार को इस होटल में ठहरीं।
मुंबई हमलों में 26 विदेशियों समेत 170 से ज्यादा लोग मारे गए थे। क्लिंटन ने आतंकवादियों के नापाक मंसूबों का निशाना बने ताज और ट्राइडेंट-ओबेरॉय होटल के कर्मचारियों से भी कुछ देर तक बातचीत की। उन्होंने शोक पुस्तिका में अपने उद्गार भी दर्ज किए।
क्लिंटन ने कहा, "ताज और ओबेरॉय के कर्मचारियों से मुलाकात कर मैं द्रवित हो उठी।"
शनिवार की शाम क्लिंटन अहमदाबाद के एक स्वयंसेवी संगठन सेल्फ-एंप्लायडवूमेंस एसोसिएशन (सेवा) के मुंबई स्थित विपणन मुख्यालय गईं। वहां उन्होंने सेवा के सदस्यों द्वारा तैयार वस्त्र उत्पादों का अवलोकन किया।
क्लिंटन छत्रपति शिवाजी टर्मिनल (सीएसटी) रेलवे स्टेशन के पास सेंट जेवियर कॉलेज भी गईं। वहां अभिनेता आमिर खान के साथ उन्होंने छात्रों और अध्येताओं के बीच आयोजित एक चर्चा सत्र में हिस्सा लिया।
क्लिंटन रविवार को दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। जहां वे प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों से मुलाकात करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications