शांति बहाली के लिए बातचीत ही एकमात्र रास्ता : गिलानी
समग्र वार्ता प्रक्रिया से आतंकवाद को हटाकर विदेश सचिव स्तर पर वार्ता बहाली पर दोनों देशों द्वारा सहमति जताने के दो दिन बाद गिलानी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "आगे बढ़ने के लिए बातचीत ही एकमात्र रास्ता है।"
गिलानी ने इस बात को रेखांकित किया कि शर्म अल-शेख में दोनों देशों के बीच हुई बैठक में मनमोहन सिंह ने उनसे कहा कि भारत सभी मुद्दों पर बातचीत को तैयार है और वह स्थिर और विकासशील पाकिस्तान का पक्षधर है।
उन्होंने कहा, "मैं मनमोहन सिंह की राजनीतिक दूरदर्शिता, कुशलता और उनके इस आभास का सम्मान करता हूं कि दोनों देशों के 1.5 अरब लोग वार्ता नहीं शुरू किए जाने से प्रभावित होंगे।"
गिलानी ने पाकिस्तान की इस प्रतिबद्धता को दोहराया कि वह षडयंत्रकारियों को न्याय के कटघरे तक लाएंगे।
उन्होंने कहा कि भारत संदिग्ध आतंकियों के मसले पर खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमत हुआ है।
गिलानी ने कहा कि वह शर्म अल-शेख की बातचीत के बारे में संसद और कैबिनेट का विश्वास हासिल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष नवंबर में हुए मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ वार्ता प्रक्रिया को रोक दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications