कांग्रेस के 40 साल के मुकाबले 2 साल में ज्यादा विकास हुआ : मायावती
मायावती ने लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी अक्सर कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में केंद्र के पैसे का दुरूपयोग हो रहा है और विकास का काम ठप पड़ा है। उन्होंने कहा, "मैं राहुल गांधी को बताना चाहती हूं कि दो साल के कार्यकाल में बसपा सरकार ने प्रदेश में जितना विकास करवाया है उतना कांग्रेस 40 साल के राज में भी नहीं करवा पाई।
बसपा प्रमुख ने कहा कि उनके दो साल के शासनकाल में हुए विकास पर किताब छपवाई गई है, जिसमें विकास का सारा ब्योरा विस्तार से अंकित है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस किताब की एक-एक प्रति कांग्रेस के सांसदों और विधायकों को भिजवाएं।
उन्होंने कहा कि मैंने अधिकारियों से कहा है कि वे खासतौर पर सबसे पहले यह किताब कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को भेजें, जिससे कि विकास के लिए गांधी परिवार द्वारा की गई प्रदेश की उपेक्षा के लिए वह अंदर ही अंदर कांग्रेस को कोसते रहें।
मायावती ने कहा, "सूबे में बिजली संकट के लिए कांग्रेस के युवराज मेरी सरकार पर आरोप लगाते हैं। इस बारे में मेरी सरकार की तरफ से एक श्वेत पत्र जारी किया जा रहा है, जिसके बाद जनता खुद फैसला करेगी कि राज्य में बिजली समस्या के लिए दोषी कौन है।"
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपने सीमित संसाधनों से बिजली संकट के निदान के लिए काम कर रही है। 2014 तक प्रदेश की जनता को बिजली कटौती से पूरी तरह से राहत मिल जाएगी। उन्हें भरोसा है कि उसके बाद लोग यहां उद्योग लगाएंगे और गरीब जनता को रोजगार मिलेगा।
बसपा प्रमुख ने साफ किया कि उनकी पार्टी केंद्र में कांग्रेस नीत सरकार को अपना समर्थन देना जारी रखेगी। लेकिन कुछ लोग बसपा के समर्थन वापसी की अफवाह फैला रहे हैं, जिस पर कांग्रेस आलाकमान को नजर रखनी चाहिए।
मायावती ने इस संदर्भ में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और समाजवादी पार्टी महासचिव अमर सिंह का नाम लेते हुए कहा कि कहीं इस बाबत दोनों सिंहों में साठगांठ तो नहीं हो गई है।
मायावती ने कहा कि कांग्रेस सरकार दलित विरोधी है। यह पार्टी हमेशा से पूंजीपतियों को लाभ पंहुचाने का काम करती रही है। बीते हफ्ते पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए जिससे कि इसका फायदा धन्नासेठों को मिल सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस दलित विरोधी मानसिकता के विरोध में बसपा आगामी 22 जुलाई से देशव्यापी धरना प्रदशर्न करेगी। इसकी शुरुआत लखनऊ से होगी। यहां पर विधानसभा के सामने बसपा कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन कर अपना विरोध प्रकट करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications