क्लिंटन ने हर किसी का दिल जीता : स्वाति पीरामल
स्वाति पीरामल उन चुनिंदा उद्योगपतियों में शामिल थीं, जिन्हें क्लिंटन के साथ आयोजित एक बैठक में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया था।
क्िंलटन के प्रभाव के बारे में पीरामल ने बाद में आईएएनएस को बताया, "क्लिंटन ने एक ही नजर में लोगों का दिल जीत लिया।"
क्लिंटन के साथ संपन्न हुई मुलाकात को याद करते हुए पीरामल ने कहा, "हम व्यापारिक बैठक के लिए सुबह लगभग 8 बजे ताज होटल पहुंचे। वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।"
उन्होंने कहा, "हमारे सभी हैंड बैग और मोबाइल फोन की जांच की गई। उसके बाद हमें ताज होटल की पुरानी इमारत में स्थित गोल्डन रूम में जाने की अनुमति प्रदान की गई। क्लिंटन ने सभी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और संक्षिप्त शिष्टाचार का आदान-प्रदान किया गया। उसके बाद हम एक अर्ध गोलमेज वार्ता के लिए बैठे।"
पीरामल के अनुसार बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने अपने-अपने ट्रस्टों व अपनी सामाजिक संस्थाओं के जरिए चलाई जा रही विभिन्न कॉरपोरेट सोशल रेस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) परियोजनाओं पर चर्चा की।
पीरामल ने कहा, "क्लिंटन शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को लेकर बहुत उत्सुक थीं। वह प्रौद्योगिकी व ग्रामीण ऊर्जा, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों और महिला शिक्षा व स्वास्थ्य के बारे में काफी कुछ जानना चाहती थीं। लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य उनकी प्राथमिक रुचि के विषय रहे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications