भारत-पाक वार्ता पर अमेरिकी दबाव नहीं : क्लिंटन (लीड-1)
विदेश मंत्री का पद संभालने के बाद पहली बार भारत आई क्लिंटन ने संवाददाताओं से कहा, "वार्ता बहाल करने का फैसला भारत और पाकिस्तान की सरकारों ने ली है।" उन्होंने कहा कि भारत-पाक वार्ता का अमेरिका समर्थन करता है लेकिन वह इससे प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा नहीं है।
शर्म अल-शेख में गुरुवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया था कि दोनों देश विदेश सचिव स्तर की वार्ता फिर से बहाल करने पर सहमत हो गए हैं।
हिलेरी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग के प्रति अमेरिका प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, "आतंकवाद के खतरों से किस प्रकार निपटा जाए इस संबंध में हम यहां आगामी दिनों में भारतीय नेताओं से चर्चा करेंगे।"
इंडोनेशिया के दो होटलों में शुक्रवार को हुए विस्फोटों की भी उन्होंने निंदा की। इनमें कम से कम आठ लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद पूरे विश्व के लिए खतरा है।
इससे पहले शनिवार सुबह क्लिंटन ने मुंबई के ताज और ओबेरॉय होटल में 26 नवंबर के हमले में मारे गए लोगों की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए वह शुक्रवार को इस होटल में ठहरीं।
मुंबई हमलों में 26 विदेशियों समेत 170 से ज्यादा लोग मारे गए थे। क्लिंटन ने आतंकवादियों के नापाक मंसूबों का निशाना बने ताज और ट्राइडेंट-ओबेरॉय होटल के कर्मचारियों से भी कुछ देर तक बातचीत की।
क्लिंटन ने कहा, "ताज और ओबेरॉय के कर्मचारियों से मुलाकात कर मैं द्रवित हो उठी।"
क्लिंटन शनिवार शाम को अहमदाबाद के एक स्वयंसेवी संगठन सेल्फ-एंप्लाएड वूमंस एसोसिएशन (सेवा) के मुंबई स्थित विपणन मुख्यालय जाएंगी। वह सेवा के सदस्यों द्वारा तैयार वस्त्र उत्पादों का अवलोकन करेंगी।
दोपहर बाद करीब तीन बजे हिलेरी छत्रपति शिवाजी टर्मिनल (सीएसटी) रेलवे स्टेशन के पास सेंट जेवियर कॉलेज जाएंगी। सीएसटी को भी नवंबर में हुए आतंकवादी हमले में निशाना बनाया गया था।
क्लिंटन शुक्रवार को मुंबई पहुंचते ही तत्काल ताज होटल गईं थी। आतंकवादी हमलों के पीड़ितों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उन्होंने मुंबई यात्रा के दौरान इसी होटल में ठहरने का फैसला किया।
क्लिंटन रविवार को दिल्ली जाएंगी। जहां वे प्रमुख राजनीतिक हस्तियों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों से मुलाकात करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications