इंडोनेशिया में विस्फोटों के कसूरवारों के खिलाफ कार्रवाई हो: सुरक्षा परिषद
संयुक्त राष्ट्र, 18 जुलाई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में शुक्रवार को हुए दो बम विस्फोटों की निंदा करते हुए कहा है कि इसके जिम्मेदार आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से पारित एक वक्तव्य में कहा गया है कि ऐसे हमलों को अंजाम देने वालों, इनके धन उपलब्ध कराने वालों और ऐसी जघन्य आतंकवादी घटनाओं को प्रायोजित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है और वह इसके लिए इंडोनेशिया सरकार के प्रति विश्वास व्यक्त करती है।
वक्तव्य में हर प्रकार के आतंकवाद की निंदा की गई है। उसमें सभी सदस्य देशों से आतंकवादियों को पकड़ने में इंडोनेशिया सरकार का सहयोग देने को कहा गया है।
जकार्ता के दो प्रमुख होटलों में कल हुए विस्फोटों में कम से कम आठ लोग मारे गए थे और 50 घायल हो गए थे। इन हमलों के पीछे आत्मघाती हमलावरों का हाथ माना जा रहा है।
इंडोनेशिया में 2002 में बाली में हुए हमले में 202 लोग मारे गए थे और वर्ष 2005 में फिर से बाली पर हुए हमले में 20 लोग मारे गए थे। इन दोनों हमलों के लिए अल कायदा से संबद्ध आतंकवादी गुट जेमाह इस्लामिया को दोषी ठहराया गया था। उसे ही 2003 में मेरियट होटल पर हुए हमले और 2004 में आस्ट्रेलियाई दूतावास पर हमले का दोषी ठहराया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications