युवक ने की खुदकुशी की कोशिश, पंचायत को चेतावनी (लीड-1)
झज्जर,18 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा में झज्जर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को समान गोत्र की लड़की से शादी करने वाले युवक की खुदकुशी के प्रयास को देखते हुए गांव की पंचायत को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून अपने हाथ में न लें।
एक ही गोत्र में दूसरे गांव की लड़की से शादी करने वाले युवक और उसके परिवार के बहिष्कार के पंचायत के फैसले के बाद युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की।
झज्जर के कार्यवाहक उपायुक्त साकेत कुमार ने कहा प्रशासन पीड़ित परिवार को पूरी सुरक्षा मुहैया कराएगा।
उन्होंने कहा कि मामले पर नजर रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट समेत अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
झज्जर जिले के धराना गांव में रविंदर गहलोत ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। पंचायत ने उससे कहा कि या तो वह लड़की को तलाक दे या फिर रविवार तक गांव छोड़ दे।
पंचायत ने गहलोत से बात करने वालों पर जुर्माना लगाने का फैसला भी सुनाया।
पुलिस ने बताया कि गहलोत को रोहतक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है। अभी वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। डाक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं।
गहलोत दिल्ली में एक परिवहन कंपनी में काम करता है और चार माह पहले उसने पानीपत के पास सिवाह गांव की रहने वाली शिल्पा से शादी की थी।
गहलोत के गांव की पंचायत इस शादी के खिलाफ है। उसका कहना है कि समान गोत्र के युवक-युवती शादी नहीं कर सकते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे


Click it and Unblock the Notifications