इंदौर में ट्रैक्टर ट्रॉली नदी में गिरी, 5 से ज्यादा लापता
इंदौर 17 जुलाई (आईएएनएस) इंदौर में चम्बल नदी के पुल से गुजर रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली के नदी में जा समाने से पांच लोग लापता हो गए हैं जबकि इसमें सवार चार लोग बचा लिए गए हैं।
गौतमपुरा थाने से मिली जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत गौतमपुरा द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पकड़े गए पशुओं को लेकर एक दल गुरूवार शाम बडनगर गया था। यह दल रात 12 बजे के बाद जब वह वापस गौतमपुरा लौट रहा था तभी मार्ग में पडने वाली चंबल नदी के पुल पर पानी आ गया। ट्रैक्टर चालक ने वाहन को बहते पानी से निकालने की कोशिश की मगर ट्रैक्टर ट्रॉली बहाव के साथ बहकर नदी में जा समाई। इसमें सवार चार लोग बचा लिए गए हैं लेकिन पांच से अधिक लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है लेकिन लापता लोगों को खोजा नहीं जा सका है। ट्रैक्टर ट्रॉली में कुल कितने लोग सवार थे इसका ब्यौरा भी अब तक उपलब्ध नहीं हो सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications