फ्रांस असैन्य परमाणु सहयोग के लिए तैयार : मनमोहन
मनमोहन सिंह ने कहा, "फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि फ्रांस भारत के साथ असैन्य परमाणु सहयोग को पूरी तरह राजी है।"
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सीताराम येचुरी ने राज्यसभा में जी8 के उस घोषणा पत्र के संदर्भ में प्रधानमंत्री के बयान पर स्पष्टीकरण देने की मांग की थी, जिसके तहत परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर न करने वाले देशों को परमाणु संवर्धन व पुनशरेधन प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
येचुरी की इस मांग के जवाब में सिंह ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को फ्रांस के राष्ट्रपति सरकोजी के साथ उठाया था। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "सरकोजी इस मुद्दे पर बिल्कुल दृढ़ थे कि फ्रांस भारत के साथ असैन्य परमाणु समझौते के लिए पूरी तरह उत्सुक है। पूरी तरह का मतलब वह संवर्धन व पुनशरेधन प्रौद्योगिकी के हस्तांतरण को भी राजी है।"
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, उनकी अनुपस्थिति में राज्यसभा में इस मुद्दे पर एक बयान पहले ही दे चुके हैं, फिर भी वह इस मामले की विस्तृत व्याख्या करने को तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications