मध्य प्रदेश में ट्रक खाई में गिरा 15 की मौत (लीड -1)
मिली जानकारी के मुताबिक बुधनी थाने के अंतर्गत स्थित जोशीपुर निवासी सरदार सिंह और शंकरलाल यादव ने नया ट्रक खरीदा था। इन लोगों ने शुक्रवार के दिन सलकनपुर स्थित देवी मंदिर में विशेष पूजा अर्चना का कार्यक्रम बनाया। इसके लिए उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के अलावा गांव के तमाम लोगों से सलकनपुर चलने का आग्रह किया।
बताया गया है कि ट्रक में लगभग 50 लोग सवार होकर पूजा अर्चना के लिए सलकनपुर पहुंचे। चालक ट्रक को नीचे खड़ा करने की बजाए पहाड़ी पर स्थित मंदिर के करीब तक ले गया। पूजा अर्चना कर सभी लोग जब शाम को ट्रक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे तभी ट्रक घाट पर अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराया और उसके बाद वह खाई में समा गया।
सीहोर जिले के बुधनी थाने के प्रभारी एम़ एस़ दामले ने आईएएनएस को बताया है कि इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए है। घायलों को उपचार के लिए भोपाल और होशंगाबाद भेजा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications