इन्दौर में ट्रैक्टर ट्रॉली नदी में गिरी, 7 लोग लापता (लीड-1)
देपालपुर क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) योगेश शर्मा ने आईएएनएस को बताया है कि गुरुवार की देर रात को एक ट्रैक्टर ट्रॉली चंबल नदी का पुल पार करते वक्त नदी में जा समाई थी। इसमें सवार तीन लोग बचा लिए गए है मगर सात लोग अब भी लापता है। उनकी खोज के लिए शुक्रवार को पूरे दिन अभियान चला मगर किसी का भी पता नहीं चल पाया है।
गौतमपुरा थाने से मिली जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत गौतमपुरा द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पकड़े गए आवारा कुत्तों को लेकर एक दल गुरुवार की शाम को बड़नगर गया था। यह दल रात 12 बजे के बाद जब वापस गौतमपुरा लौट रहा था तभी मार्ग में पड़ने वाली चम्बल नदी के पुल पर पानी आ गया। ट्रैक्टर चालक ने वाहन को बहते पानी से निकालने की कोशिश की मगर ट्रैक्टर ट्रॉली बहाव के साथ बहकर नदी में जा समाई। इस ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार तीन लोग बच गए है मगर सात से अधिक लोग अब भी लापता है।
अनुविभागीय अधिकारी शर्मा के मुताबिक गुरूवार की देर रात को हुए हादसे के बाद से ही राहत एवं बचाव कार्य जारी है। गोताखोर और प्रशासनिक अमला लापता लोगों की खोज में लगा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications