जोशी प्रकरण से पार्टी के दलित वोट पर कोई असर नहीं : कांग्रेस
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री से जब यह पूछा गया कि क्या इस प्रकरण से राज्य में दलित वर्ग को पार्टी से जोड़ने के कांग्रेस के प्रयास को धक्का लगा है, तो उन्होंने कहा, "जहां तक इस प्रकरण के प्रभाव का सवाल है, तो यह अल्पकालिक होगा और दलित मतदाताओं को जोड़ने के हमारे प्रयास पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।"
कांग्रेस ने जोशी की टिप्पणी से खुद को अलग कर लिया है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने कहा है कि सोनिया गांधी ने जोशी की टिप्पणी सहित उत्तर प्रदेश में घटी घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
लेकिन अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि जोशी की टिप्पणी किसी जाति विशेष के खिलाफ नहीं थी और इसके लिए उन पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति प्रताड़ना निरोधक कानून, 1989 के तहत कार्रवाई किया जाना गलत है।
खुर्शीद ने कहा, "जोशी की टिप्पणी जातिवादी नहीं थी और दलित कानून के तहत उनके खिलाफ की गई कार्रवाई को कहीं से उचित नहीं ठहराया जा सकता।"
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए जोशी को बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया गया था। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कथित कार्यकर्ताओं ने लखनऊ स्थित उनके घर को आग के हवाले कर दिया था।
जोशी 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में फिलहाल मुरादाबाद जेल में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications