आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई पर निर्भर करेगी पाक से अर्थपूर्ण वार्ता : मनमोहन
नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को जहां सरकार पर सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान के आगे घुटने टेकने का आरोप लगाते हुए लोकसभा से बहिर्गमन किया, वहीं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के साथ समग्र बातचीत सहित अन्य जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए उसके द्वारा आतंकवाद के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए।
मिस्र से लौटने के कुछ ही घंटे के भीतर लोकसभा में दिए अपने एक बयान में मनमोहन सिंह ने कहा कि स्थिर और समृद्ध दक्षिण एशिया के दर्शन को साकार करने के लिए आदान-प्रदान ही एक मात्र रास्ता है। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के साथ अर्थपूर्ण बातचीत तभी संभव हो पाएगी, जब वह आतंकवाद के खिलाफ अपने संकल्प को पूरा कर देगा।
गिलानी के साथ हुई बातचीत पर जारी संयुक्त बयान को स्पष्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "जैसा कि संयुक्त बयान में कहा गया है कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को समग्र बातचीत की प्रक्रिया से नहीं जोड़ा जाना चाहिए और अन्य घटनाक्रमों के लिए इसका इंतजार नहीं किया जाना चाहिए। इसका मतलब यह है कि दोनों देश भविष्य के किसी भी आतंकी खतरे के बारे में सही समय तथा विश्वसनीय व कार्रवाई योग्य जानकारी का आदान-प्रदान करेंगे।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैंने गिलानी से यह भी कहा है कि सिर्फ मुंबई आतंकी हमले के कसूरवार लोगों के खिलाफ ही निरंतर, कारगर और विश्वसनीय कार्रवाई की जरूरी नहीं है, बल्कि पाकिस्तान को भारत पर भविष्य में ऐसे हमले रोकने के लिए अपने यहां जारी आतंकी गतिविधियों पर भी रोक लगानी होगी।"
ज्ञात हो कि मनमोहन सिंह और गिलानी के बीच बातचीत की समाप्ति के बाद गुरुवार को जारी संयुक्त बयान को लेकर तमाम लोग चकित रह गए हैं। विपक्षी पार्टियों ने कहा कि सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे पर सरकार ने पाकिस्तान के आगे घुटने टेक दिए हैं। भाजपा सदस्यों ने प्रधानमंत्री के बयान के विरोध में सदन से बहिर्गमन भी किया।
मनमोहन सिंह ने कहा, "गिलानी ने मुझसे यह भी कहा है कि आतंकी समूहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान में एक सहमति है और यह खुद पाकिस्तान के हित में भी है।"
सिंह ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद के बारे में विशेषकर मुंबई हमलों के बारे में भारतीय जनता की भावनाओं से अवगत करा दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications