पश्चिम बंगाल में बंद से जनजीवन अस्त-व्यस्त (लीड-1)
पुलिस महानिरीक्षक (उत्तर बंगाल) के.एल टमटा ने आईएएनएस से कहा, "हमें सूचना मिली है कि सिलीगुड़ी में कुछ राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने मुख्य डाकघर के कार्यालय में तोड़फोड़ की। बंद समर्थकों ने एक सरकारी बस को भी नुकसान पहुंचाया।"
टमटा ने कहा, "सिलीगुड़ी में तोड़फोड़ के आरोप में कम से कम चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।" वहीं बंद समर्थकों ने शुक्रवार सुबह कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप एक बस को भी क्षति पहुंचाई। बाद में यहां त्वरित कार्रवाई बल के जवानों को तैनात कर दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) राज कनोजिया ने आईएएनएस को बताया, "अभी तक बंद शांतिपूर्ण है। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।"
बंद का असर रेलगाड़ियों की आवाजाही पर भी पड़ा है। राज्य के विभिन्न इलाकों में दुकानें, विद्यालय और कार्यालय बंद रहे।
कांग्रेस ने अपने विधायकों पर हुए हमले के विरोध में बंद का आह्वान किया है। पार्टी का आरोप है कि बुधवार को बर्धवान जिले के मोंगलकोट में उसके विधायकों पर कथित रूप से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सशस्त्र समर्थकों ने हमला बोल दिया, जिसमें आठ विधायक घायल हो गए।
कांग्रसे ने आरोप लगाया है कि गुरुवार को 12 घंटे के बंद के दौरान उसके एक समर्थक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हालांकि पार्टी समर्थक के परिजनों और पुलिस का कहना है कि दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications