देवघर में काफी मशक्कत के बाद किन्नरों ने किया जलाभिषेक
मंदिर परिसर में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को छत्तीसगढ़ से आए छह किन्नरों की टोली सुल्तानगंज से जल लेकर मंदिर परिसर पहुंच गई तथा उसने अलग पंक्ति की मांग कर दी। उन्हें काफी समझाया गया तब जाकर उन्होंने मंदिर में जलाभिषेक किया।
इधर, किन्नरों की टोली में शामिल पूजा का कहना है कि जब पुरुष और महिलाओं की अलग-अलग पंक्ति है तो किन्नरों की पंक्ति क्यों नहीं है? पूजा ने सवाल उठाया, "किन्नर आखिर किस पंक्ति में खड़े होकर बाबा तक पहुचेंगे?" उन्होंने बताया कि सोमवार को वे सुल्तानगंज से कांवर लेकर यहां पहुंचे लेकिन काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने उन्हें अलग से मंदिर में प्रवेश करवाकर जलाभिषेक करवाया।
देवघर के उपायुक्त मस्त राम मीणा ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि मंदिर में आ रहे किन्नरों की संख्या नहीं के बराबर है इस स्थिति में उनके लिए अलग से पंक्ति बनाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अगर किन्नर जलाभिषेक के लिए आएंगे तो उनके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में प्रतिदिन 75,000 से अधिक लोग जलाभिषेक करते हैं। सोमवार को इनकी संख्या एक लाख से ज्यादा हो जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications