वैश्विक भूमिका निभा सकता है भारत: हिलेरी
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 16 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि भारत सिर्फ क्षेत्रीय स्तर पर ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अहम भूमिका निभा सकता है। भारत की इसी भूमिका पर उनकी यात्रा के दौरान विशेष रूप से चर्चा होगी।
क्लिंटन ने बुधवार को विदेशी मामलों से संबद्ध परिषद में अपने संबोधन में कहा, "हम समझते हैं कि भारत में व्यापक संभावनाएं और बढ़ता उत्तरदायित्व हैं, जिसकी वजह से वह सिर्फ क्षेत्रीय नहीं बल्कि वैश्विक भूमिका भी निभा सकता है।"
शुक्रवार से शुरू हो रही पांच दिन की भारत यात्रा से पहले क्लिंटन ने कहा कि भारत इस भूमिका को कैसे परिभाषित करता है इस बारे में इस दौरान विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भारत यात्रा के दौरान 'व्यापक और समग्र' वार्ता होगी।
उन्होंने कहा कि इस दौरान पहली बार भारत और अमेरिका के बीच इतनी व्यापक बातचीत होगी। क्लिंटन ने कहा कि इस दौरान विदेश नीति, सामरिक चुनौतियों, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और अर्थव्यवस्था से जुड़े मसलों पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि अमेरिका परमाणु अप्रसार सहित जटिल मसलों के समाधान में भारत के नेतृत्व करने की भूमिका का स्वागत करेगा।
क्लिंटन ने कहा, "जिस किसी ने भी स्ट्रोब टॉलबोट की पुस्तक 'एंगेजिंग इंडिया' पढ़ी है, वह जानता है कि यह कितना जटिल मसला है लेकिन हम संहार की व्यापक क्षमता वाले हथियारों विशेषकर परमाणु हथियारों के मसले पर क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर नए रास्ते तलाशना चाहते हैं।"
क्लिंटन ने कहा कि वह अपनी भारत यात्रा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा तथा अन्य नेताओं से मुलाकात को लेकर उत्साहित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications