रीता बहुगुणा जोशी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (लीड-1)
जोशी के खिलाफ मुरादाबाद के मझोला थाने में बुधवार देर रात अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) कानून 1989 के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्हें गाजियाबाद से गिरफ्तार करने के बाद गुरुवार तड़के मुरादाबाद के मुख्य न्यायिक मैजिस्ट्रेट के घर ले जाया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में दिया गया।
जोशी की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने राज्य भर में अलर्ट जारी कर दिया है। मुरादाबाद में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ)और प्रांतीय सशस्त्र बल(पीएसी )के कर्मी बड़ी संख्या में तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक जोशी पर आरोप है कि उन्होंने बुधवार को मुरादाबाद के मझोला में एक सभा के दौरान बलात्कार पीड़ितों को दी जा रही धनराशि के सिलसिले में मायावती के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की थी।
इससे बाद भड़के बसपा समर्थकों ने बुधवार देर रात लखनऊ के हुसैनगंज क्षेत्र में जोशी के मकान को आग लगा दी और चार वाहन फूंक डाले।
लखनऊ परिक्षेत्र के महानिरीक्षक(आईजी) अरविंद कुमार जैन ने संवाददाताओं से कहा कि इस घटना में शामिल लोग चाहे कितने ही बड़े कद के हों, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले बुधवार देर रात लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस समिति द्वारा जारी एक बयान में जोशी ने पूरे घटनाक्रम पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि महिला सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी किसी बात से मायावती को चोट पहुंची है तो उन्हें इसका खेद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications