स्वाइन फ्लू के 9 नए मरीज, पीड़ितों की संख्या 260 हुई
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से यहां जारी एक बयान में कहा गया, "देश में अब तक फ्लू के 1,354 संदिग्धों की जांच की गई। उनमें से 260 में फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई।" इनमें से अब तक 159 पीड़ितों को पूर्ण स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार को सामने आए नौ मामलों में दिल्ली, गुड़गांव और हैदराबाद के दो-दो और बेंगलुरू, देहरादून एवं मुंबई के एक-एक मामले शामिल हैं।
नई दिल्ली में लोधी एस्टेट में स्थित सरदार पटेल विद्यालय ने कक्षा नौ के सेक्शन ए को बंद करा दिया गया है। इस कक्षा की एक छात्रा में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार को पुष्ट मामलों में ज्यादातर बच्चे शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने से पहले स्कूलों या इंस्टीट्यूशन को बंद करने की आवश्यकता नहीं है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार दुनिया में अब तक 135 देशों में फ्लू के 94,512 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 429 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में ज्यादातर अमेरिका और मेक्सिको के लोग शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications