जोशी के खिलाफ सरकार की कार्रवाई की भाजपा व सपा ने निंदा की
लखनऊ के सांसद एवं भाजपा नेता लालजी टंडन ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि रीता बहुगुणा जोशी का बयान राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ है लेकिन उनके खिलाफ जो कार्रवाई की गई है और उनके घर पर जो हमला किया गया है, उसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है।
टंडन ने कहा, "प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ जो गंभीर धाराएं लगाई गई हैं हम उसकी आलोचना करते हैं। मुख्यमंत्री मायावती सत्ता के नशे में चूर होकर सरकारी मशीनरी की दुरूपयोग कर रही हैं।"
भाजपा सांसद ने कहा कि जिस तरह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लोगों ने जोशी का घर जलाया और पुलिस तमाशबीन बनी रही। मायावती को इसका जवाब देना होगा।
राज्य के प्रमुख विपक्षी दल सपा ने प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने संवाददाताओं से कहा कि महिला होकर रीता बहुगुणा जोशी ने जो कहा सपा उसे गलत मानती है लेकिन मायावती के इशारे पर जोशी के घर पर हुई आगजनी की हम घोर निंदा करते हैं।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि रीता बहुगुणा का घर जलाने वाले बसपा के गुंडों को पुलिस अभी तक क्यों नहीं गिरफ्तार कर पाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications