भारत, चीन से स्पर्धा के लिए शिक्षा प्रणाली में सुधार जरूरी : ओबामा
वाशिंगटन, 15 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि भारत और चीन तथा दुनिया भर के देशों से स्पर्धा के लिए उनका प्रशासन देश में 21 वीं सदी की शिक्षा प्रणाली तैयार कर रहा है।
मिशिगन के वॉरेन स्थित कम्युनिटी कॉलेज में मंगलवार को अपने विचार प्रकट करते हुए ओबामा ने कहा कि अमेरिका को यह सुनिश्चित करना होगा कि वह अपने लोगों को 21वीं सदी की नई नौकरियों के लिए शिक्षित एवं तैयार कर रहा है।
उन्होंने कहा, "हमें अपने लोगों में वैश्विक अर्थव्यवस्था में प्रतिस्पर्धा करने लायक कौशल विकसित करना होगा।"
ओबामा प्रशासन ने वर्ष 2020 तक एक बार फिर से दुनिया के सबसे ज्यादा स्नातक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा, "हमारे यहां पहले ऐसा हो चुका है, हम दोबारा ऐसा करेंगे और इस ऐतिहासिक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमने प्रयास शुरु कर दिए हैं।"
उन्होंने कहा कि सरकार स्कूली पुस्तकालयों और क्लासरूम्स तथा देश में अन्य सुविधाओं के लिए ऐतिहासिक निवेश कर रही है। उन्होंने कहा, "हम ऐसे कदम उठा चुके हैं जिनसे अमेरिका में 21 वीं सदी की शिक्षा प्रणाली की बुनियाद तैयार होगी, जो हमें चीन, भारत और दुनिया भर में सभी के साथ स्पर्धा के लायक बनाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications