प्रधानमंत्री ने गुटनिरपेक्ष सम्मेलन में उठाया आतंकवाद का मुद्दा
शर्म अल-शेख, 15 जुलाई (आईएएनएस)। यहां जारी गुटनिरपेक्ष आंदोलन (नम) के 15वें सम्मेलन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आतंकवाद और उसे पनाह देने वालों को कटघरे में खड़ा करने पर जोर देते हुए अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद पर एक विस्तृत सम्मेलन बुलाने का प्रस्ताव रखा है।
सम्मेलन में आए 118 देशों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षो में आतंकवादी समूह ज्यादा ताकतवर, ज्यादा संगठित और ज्यादा साहसी हो गए हैं।
उन्होंने कहा, "आतंकवादियों और उन्हें संरक्षण व धन मुहैया कराने वालों को निश्चित रूप से न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाना चाहिए। आतंकवादियोंकी जड़ों व ठिकानों को निश्चित तौर पर खत्म किया जाना चाहिए और उनके लिए कोई सुरक्षित रास्ता नहीं छोड़ा जाना चाहिए, क्योंकि वे किसी समूह या धर्म के नहीं होते। यह समय अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद के मुद्दे पर एक व्यापक सम्मेलन के लिए सहमत होने का है।"
सम्मेलन में देशों को आतंकवाद की एक सर्वमान्य परिभाषा को स्वीकार करना पड़ेगा और सीमा पार आतंकवाद से निपटने के लिए नियम कायदे बनाने होंगे।
प्रधानमंत्री गुरुवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से मिलने वाले हैं। यह मुलाकात मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच टूटी वार्ता को फिर से पटरी पर लाने के लिए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications