मध्य प्रदेश की भाजपा नेता पर छात्रा की पिटाई का आरोप
सागर, 15 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री जयंत मलैया की पत्नी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सुधा मलैया पर एक छात्रा से कथित तौर पर मारपीट करने का आरोप लगा है। छात्राओं ने मलैया के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए गोपालगंज थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने छात्राओं की शिकायत दर्ज कर ली है।
सुधा मलैया सागर के ओजस्विनी नर्सिग कालेज की चेयरपर्सन हैं। इस कालेज की छात्रा महिमा कम्फर्ट का आरोप है कि मंगलवार की शाम को मलैया ने उसकी पिटाई की और कमरे में बंद किया। इस घटना से गुस्साई छात्राओं ने बुधवार को कालेज के सामने धरना दिया और गोपालगंज थाने पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। महिमा की ओर से दी गई शिकायत में प्रबंधन पर कई आरोप लगाए गए हैं और मंगलवार की शाम को सुधा मलैया द्वारा पिटाई करने की भी बात कही गई है।
सागर के पुलिस अधीक्षक योगेश चौधरी ने आईएएनएस को बताया है कि छात्रा के आरोप पर पुलिस किसी तरह का मामला दर्ज कर कार्रवाई नहीं कर सकती। फिर भी धारा 155 के तहत छात्रा की शिकायत पुलिस ने ले ली है। छात्रा को इस बात की स्वतंत्रता है कि वह इस मामले को लेकर न्यायालय जा सकती है।
वहीं दूसरी ओर कालेज के संचालक प्रदीप मलैया का कहना है कि जिस छात्रा ने सुधा मलैया पर पिटाई का आरोप लगाया है उसे प्रबंधन निष्कासित करने जा रहा था क्योंकि वह कालेज का माहौल बिगाड़ रही है। निष्कासन से बचने के लिए ही उस छात्रा ने बेवजह आरोप लगाया है। इस मामले पर सुधा मलैया से संपर्क करने की कोशिश की गई मगर वे उपलब्ध नहीं हुईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications