बेनजीर हत्याकांड की जांच करने वाले आयोग का अधिकार क्षेत्र सीमित !
संयुक्त राष्ट्र, 15 जुलाई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र का तीन सदस्यीय एक आयोग पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या की जांच जल्द ही आरंभ करेगा, लेकिन एक अधिकारी का कहना है कि इस आयोग का अधिकार क्षेत्र सीमित है।
अगले कुछ दिनों में इस आयोग से जुड़े लोग पाकिस्तान पहुंचेंगे और दिवंगत बेनजीर की हत्या की साजिश का सुराग ढूंढ़ने की कोशिश करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव कार्यालय के एक प्रवक्ता ने संवाददाताओं से कहा कि आयोग के अधिकार क्षेत्र में आपराधिक जांच और दोषियों के खिलाफ मुकदमा चलाना शामिल नहीं है। यह पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी है।
इस अयोग का गठन एक जुलाई को किया गया था। इसकी अध्यक्षता संयुक्त राष्ट्र में चिली के राजदूत हेराल्ड मुनोज कर रहे हैं। इंडोनेशिया के पूर्व महाधिवक्ता मारजुकी दारुस्मान और आयरलैंड के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी पीटर फित्जगेराल्ड इस आयोग के सदस्य हैं।
रावलपिंडी में 27 दिसंबर, 2007 को बेनजर की हत्या कर दी गई थी। तत्कालीन पाक राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के आदेश पर की गई जांच में हत्या के लिए तालिबान सरगना बैतुल्लाह महसूद को जिम्मेदार बताया गया था।
इस जांच से बेनजीर के समर्थक असंतुष्ट थे और उन्होंने इस ओर इशारा किया उनकी नेता की हत्या के लिए मुशर्रफ और उनके सहयोगी जिम्मेदार हैं। बेनजीर के पति आसिफ अली जरदारी पाकिस्तान के राष्ट्रपति बने तो उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से इसकी जांच कराने के लिए कहा।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव कार्यालय की ओर से कहा गया है कि आयोग पाकिस्तान और विदेश में बेनजीर की हत्या से जुड़े तथ्यों को एकत्र करेगा। इस आयोग को छह माह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपनी हैं। जांच के नतीजे से पाक सरकार और सुरक्षा परिषद को अवगत कराया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications