'दिग्विजय की गलती दोहरा रहे हैं शिवराज'
कांग्रेस के उपनेता ने अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था चौपट हो चुकी है। प्रशासनिक अमला पूरी तरह अनियंत्रित है। हाल यहां तक पहुंच गया है कि प्रशासनिक व्यवस्था ने लोकतंत्र को जकड़ लिया है। मंत्रियों पर नकेल डालने के लिए हर विभाग की समिति बना दी गई है और उसके मुखिया प्रदेश के प्रमुख सचिव हैं। इन स्थितियों में मंत्री स्वतंत्र होकर काम नहीं कर पा रहें हैं।
उपनेता ने मुख्यमंत्री को भला आदमी करार देते हुए चुटकी ली और कहा कि वे अच्छा सोचते भी हैं मगर कर नहीं पाते। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे 'असी और तुसी' की संस्कृति वालों से अपने को बचाकर रखें। ये वही लोग हैं जो कभी दिग्विजय सिंह को घेरे रहा करते थे। राकेश सिंह ने चौहान से कहा कि वह भी वही गलती दोहरा रहे हैं जो कभी मुख्यमंत्री रहते हुए दिग्विजय सिंह ने की थी।
राकेश सिंह द्वारा एक वर्ग विशेष पर कथित टिप्पणी किए जाने पर भाजपा के विधायक हरजीत सिंह बब्बू ने सख्त आपत्ति दर्ज कराई। इस पर राकेश सिंह ने कहा कि वे किसी वर्ग नहीं बल्कि उन प्रशासनिक अधिकारियों की चर्चा कर रहे हैं जो प्रदेश से की गई कमाई को हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में लगा रहे हैं। राकेश सिंह ने तो ऐसे अधिकारियों के परिजनों की सम्पत्ति की जांच कराए जाने की मांग भी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications