ज्योति बसु के स्वास्थ्य में सुधार
अस्पताल के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि अगले तीन-चार दिनों तक उन्हें निगरानी में रखा जाएगा।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के 96 वर्षीय नेता ज्योति बसु को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार होने के बाद मंगलवार को उन्हें गहन ह्रदय चिकित्सा इकाई (आईसीसीयू) से बाहर स्थानांतरित किया गया था।
उनके इलाज के लिए गठित सात सदस्यों के मेडिकल दल ने बुधवार को बसु के स्वास्थ्य की नियमित जांच की और उनकी स्थिति को संतोषजनक बताया।
अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया,"बसु के स्वास्थ्य में सुधार है। उनकी स्थिति स्थिर है।"
प्रवक्ता ने कहा कि अगले तीन-चार दिनों तक बसु को निगरानी में रखा जाएगा और उसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का निर्णय लिया जाएगा। परंतु अभी यह निश्चित नहीं है कि उन्हें अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी।
सोमवार को हुए उनके मस्तिष्क के स्कैन में स्पष्ट हुआ था कि पिछले वर्ष उनके दिमाग में बना खून का थक्का छोटा हो रहा है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के लगातार 23 वर्षो तक मुख्यमंत्री रहे बसु पिछले वर्ष अपने घर में गिर गए थे। इससे उनके दिमाग में खून का एक थक्का जम गया था। चिकित्सकों ने उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी थी लेकिन उन्होंने इसे नहीं माना था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications