अमित बरुआ बीबीसी हिंदी सेवा के प्रमुख होंगे
बीबीसी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार बरुआ नई दिल्ली में रहकर बीबीसी हिंदी की मल्टीमीडिया आउटपुट का उत्तरदायित्व संभालेंगे। वह भारत में बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के प्रमुख संपादक भी होंगे।
देश के प्रमुख अंग्रेजी दैनिक 'द हिंदुस्तान टाइम्स' के विदेश संपादक रहे बरुआ को अंतर्राष्ट्रीय मामलों की रिपोर्टिग का 23 साल का अनुभव है। वह दशक भर तक श्रीलंका, पाकिस्तान और दक्षिण-पूर्ण एशिया में बतौर संवाददाता नियुक्त रहे हैं।
समाचार पत्र 'हिंदू' और उसकी पत्रिका 'फंट्रलाइन' के लिए बरुआ ने जम्मू-कश्मीर और पंजाब में आतंकवाद के दौर की व्यापक रिपोर्टिग की। बरुआ 'डेटलाइन इस्लामाबाद' नामक पुस्तक के लेखक हैं। इसमें उन्होंने पाकिस्तान के समकालीन इतिहास पर पैनी निगाह डालते हुए वहां रहकर रिपोर्टिग करने का अनुभव बयां किया है।
बरुआ ने रूस के प्रधानमंत्री व्लादीमीर पुतिन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन, फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शौकत अजीज और श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे का साक्षात्कार किया है। पाकिस्तान पर कवरेज के लिए उन्हें वर्ष 2000 में 'प्रेम भाटिया पुरस्कार' से नवाजा गया।
बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के एशिया प्रशांत क्षेत्र के प्रमुख बेहरोज अफाग ने कहा, "बरुआ बदलाव के इस दौर में ताजा तरीन विचारों और ऊर्जा के साथ बीबीसी की हिंदी सेवा से जुड़े हैं और भारत में बीबीसी के भविष्य को आकार देने में वह अहम भूमिका निभाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications