मध्य प्रदेश में 10 बच्चों के लिए खुलेंगे स्कूल
विधानसभा में बुधवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए गांवों में शिक्षा सुविधा के अभाव का जिक्र किया गया। विधायकों का कहना था कि सरकार के तमाम वादों और घोषणाओं के बावजूद हर बच्चे को शिक्षा सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसकी वजह भवन का अभाव और शिक्षकों की कमी के साथ दीगर समस्याएं भी है।
शिक्षा मंत्री ने अपने जवाब में कहा कि प्रदेश सरकार हर बच्चे को स्कूल तक पहुंचाने के लिए स्कूल चलो अभियान चला रही है। इसके अलावा सैटेलाइट स्कूल भी शुरू किए गए है। इसके बावजूद उन मजरे-टोलो में भी स्कूल खोले जाएंगे जहां 10 बच्चे हैं और उनके मजरे-टोले से स्कूल वर्तमान मे एक किलोमीटर से अधिक की दूरी पर है। उन्होंने सदन में आश्वासन दिया कि उन मजरे टोलों का सर्वेक्षण एक सप्ताह के भीतर करा लिया जाएगा जहां 10 बच्चे हैं और स्कूल नहीं है। 15 अगस्त तक इन सभी मजरे-टोलो में स्कूल भी शुरू कर दिए जाएगे।
साथ ही शिक्षा मंत्री ने आदिवासी क्षेत्रों के मजरे-टोलो में बच्चों की संख्या में और रियायत देने का भी भरोसा दिलाया। नए स्कूल खुलने के साथ अन्य स्कूलों में भी अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications