यूपी: मांगी बिजली तो मिली लाठियां

जी हां कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में इन दिनों बिजली की किल्लत लगातार बनी हुई है। हालांकि यही हाल पूरे राज्य का है। लेकिन सोमवार को बिजली की मांग को लेकर जब लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया तो पुलिस ने उन पर जमकर लाठियां बरसायीं। खबर है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ बदसलूकी की और उनकी पिटाई भी की।
सिर्फ तीन घंटे आती है बिजली
हुआ यूं कि नियमित रूप से हो रही बिजली कटौती के विरोध में अमेठी की नाराज जनता सड़क पर उतर आयी। और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। कटौती के बाद भी यहां पर 10 घंटे बिजली आनी चाहिए, जबकि लोगों का कहना है कि यहां मुश्किल से दो या तीन घंटे ही बिजली आती है। इसी बात पर विरोध कर रहे लोग जब सड़क पर उतर आए, तो पुलिस ने उनपर लाठियां बरसा दीं।
गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस ने इस दौरान महिलाओं को भी जमकर पीटा। लाठीचार्ज में करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं।


Click it and Unblock the Notifications