400 भारतीय जवानों का पेरिस में मार्च
मराठा लाइट इंफेंट्री भी शामिल
इस राष्ट्रीय दिवस को बास्तील दिवस के रूप में भी जाना जाता है और मनमोहन सिंह पहले विदेशी नेता हैं, जो इस समारोह के मुख्य अतिथि बने। भारतीय सेना की टुकड़ी में देश की सबसे पुरानी सेनाओं में शुमार मराठा लाइट इंफेंट्री के जवान भी शामिल हुए। इस सेना के जवानों ने प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में भी हिस्सा लिया था।
भारतीय सेना का नेतृत्व कैप्टन विवेक खंडूरी ने किया। इसमें भारतीय नौसेना और वायु सेना के भी जवान शामिल हुए। पारम्परिक वेशभूषा में जवानों ने पाइप और बैंड के साथ 'कदम कदम मिलाए जा' के पारम्परिक धुन पर ताल पर मार्च किया।
वैश्विक मुद्दों पर फ्रांस से होगी चर्चा
इस मौके पर फ्रांस ने मनमोहन सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि ये भारत के लोगों का सम्मान है। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सार्कोजी से मुलाक़ात करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।
वार्ता के दौरान इस बार फ्रांस दौरे पर गए मनमोहन सिंह व्यापार, निवेश, उच्च स्तरीय प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष,परमाणु ऊर्जा, रक्षा, शिक्षा, संस्कृति और वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर देंगे।