अमेठी में पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद तनाव
अमेठी में बिजली कटौती के विरोध में सोमवार रात लोग सड़कों पर उतर आए। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर प्रदशर्कारियों ने पथराव शुरु कर दिया। पथराव में कोतवाल सहित 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों पक्षों के बीच झड़प रात भर चली।
सुल्तानपुर के पुलिस प्रमुख ए.के.चतुर्वेदी ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि हिंसा फैलाने के आरोप में 30 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उधर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दबिश के नाम पर पुलिस महिलाओं से बदसलूकी कर रही है। पुलिस प्रमुख ने इस आरोप को निराधार बताया है। चतुर्वेदी ने कहा कि स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि हालात को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications