भारत ने बाढ़ से निपटने के लिए नेपाल को दिए 16 लाख डॉलर
काठमांडू, 14 जुलाई (आईएएनएस)। नेपाल में कोसी नदी पर तटबंध की मरम्मत का जायजा लेने के भारत के जल संसाधन मंत्री पवन कुमार बांसल के दौरे के 48 घंटे के भीतर भारत सरकार ने नेपाल को बाढ़ से निपटने के लिए 13.16 करोड़ नेपाली रुपये (लगभग 16 लाख डॉलर) की सहायता राशि प्रदान की है।
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास में उप प्रमुख आलोक के.सिन्हा ने नेपाल के सिंचाई मंत्रालय के सचिव उमाकांत झा को मंगलवार को 13.16 करोड़ नेपाली रुपये का चेक प्रदान किया। इस राशि का इस्तेमाल लालबकेया और बागमती नदियों पर तटबंधों के निर्माण में किया जाएगा।
यह सहायता राशि, तटबंध निर्माण पर भारत-नेपाल की उप समिति और आप्लावन व बाढ़ प्रबंधन पर संयुक्त समिति के एक निर्णय के बाद प्रदान की गई है।
भारत, कमला, लालबकेया और बागमती नदियों पर तटबंधों के विस्तार के लिए नेपाल को सहयोग प्रदान कर रहा है। वर्तमान सहायता राशि के साथ ही इन नदियों पर तटबंध निर्माण के लिए वर्ष 2009 के दौरान दी गई कुल सहायता राशि 44.91 करोड़ नेपाली रुपये हो गई है।
भारत ने त्रिजुगा, लखनदेही, सुनसारी और कंकई नदियों पर बाढ़ नियंत्रण कार्यो के लिए 10.99 करोड़ नेपाली रुपये के अतिरिक्त सहयोग का भी वादा किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications