भारत दुनिया का महान लोकतंत्र है : सरकोजी (लीड-2)

पेरिस, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भारत को दुनिया के महान लोकतंत्रों में से एक बताते हुए फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने कहा है कि भारत 21वीं सदी की एक बड़ी ताकत है और सभी बड़े वैश्विक मुद्दों में उसका शामिल होना आवश्यक है।

सरकोजी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद के खतरे सहित कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के दौरान द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दोहराया। पेरिस में दोपहर भोज के दौरान दोनों नेताओं ने भारतीय उपमहाद्वीप की स्थिति, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, इराक और मध्य पूर्व की स्थिति सहित अन्य क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।

आतंकवाद के सफाए के लिए सहयोग मजबूत करने की आवश्यकता को देखते हुए दोनों नेताओं ने इस क्षेत्र में और सहयोग बढ़ाने का वादा किया। उन्होंने असैन्य परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष तथा सैन्य क्षेत्र में सहयोग पर संतोष जाहिर किया।

मनमोहन सिंह ने सरकोजी को भारत यात्रा का निमंत्रण दिया, जिस पर सरकोजी ने कहा कि वह शीघ्र ही भारत का दौरा करेंगे।

फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस परेड के पहले विदेशी मुख्य अतिथि मनमोहन सिंह ने कहा कि इस शानदार परेड से महान राष्ट्र की ताकत और गतिशीलता प्रदर्शित होती है।

आर्क डी ट्रिम्फे से पैलेस डी ला कोंकार्ड तक की परेड का नेतृत्व लाल पगड़ी पहने महाराष्ट्र लाइट इंफैन्ट्री के जवानों ने किया। भारतीय नौसेना और वायुसेना के जवानों ने भी परेड में हिस्सा लिया।

मनमोहन सिंह ने कहा कि परेड का नेतृत्व करने का मौका भारतीय सेना के सदस्यों को मिलना भारत का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि 14 जुलाई की तिथि केवल फ्रांस के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है। फ्रांसीसी क्रांति विश्व इतिहास के उस क्षण को परिभाषित करती है जब आमआदमी ने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में केंद्रीय स्थान हासिल करना आरंभ किया। फ्रांसीसी क्रांति के स्वतंत्रता, समानता और भ्रातृत्व के आदर्श ने भारत के स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को भी प्रेरित किया।

मनमोहन सिंह ने इस महान अवसर पर भारत को सम्मानित स्थान देने के लिए सरकोजी को धन्यवाद दिया।

प्रधानमंत्री इसके बाद मिस्र के शर्म-अल-शेख में आयोजित गुट निरपेक्ष देशों के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए।

इससे पूर्व मनमोहन सिंह और फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के बीच हुई बैठक से पहले भारतीय अधिकारियों ने कहा कि परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी)पर हस्ताक्षर नहीं करने वाले देशों को यूरेनियम संवर्धन और पुर्नसवर्धन प्रौद्योगिकियों (ईएनआर) के हस्तांतरण पर प्रतिबंध लगाने संबंधी जी-8 देशों की घोषणा का भारत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा, "हमें कहीं से भी कोई मदद नहीं मिल रही है।" उन्होंने कहा कि इस फैसले का भारत पर कोई व्यावहारिक असर नहीं होगा जो लंबे अर्से से पुर्नसवर्धन करता आ रहा है।

सिंह और सरकोजी की बैठक में अन्य द्विपक्षीय मसलों के अलावा दोनों देशों के बीच असैन्य परमाणु सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि फ्रांस 45 सदस्यों वाले परमाणु आपूर्तिकर्ता देशों के संगठन (एनएसजी)का सदस्य होने के साथ-साथ जी-8 का पहला ऐसा सदस्य है जिसने पिछले साल 30 सितंबर को भारत के साथ परमाणु कारोबार पर लगी रोक के हटते ही सबसे पहले उसके साथ द्विपक्षीय असैन्य परमाणु सहयोग समझौते पर दस्तखत किए थे।

फ्रांसीसी कंपनी अरेवा के साथ करार अंतिम चरण में है। फ्रांसीसी कंपनी महाराष्ट्र के जैतपुर में 1650 मेगावाट क्षमता वाले दो अत्याधुनिक रिएक्टर तैयार करने के लिए भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड(एनपीसीआईएल) के साथ बातचीत कर रही है। अरेवा के प्रतिनिधियों और एनपीसीआईएल अधिकारियों के बीच बातचीत के कई दौर संपन्न हो चुके हैं।

भारत एनपीटी पर हस्ताक्षर नहीं करने वाले देशों को ईएनआर प्रौद्योगिकियों के हस्तांतरण पर रोक लगाने के जी-आठ के कदम से हैरान है। इसे भारत के खिलाफ लक्ष्य करके उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

हालांकि भारत को विशेषकर फ्रांस के बारे में चिंता की जरूरत नहीं है। फ्रांस के साथ द्विपक्षीय परमाणु करार भारत से फ्रांस के परमाणु ईंधन को स्वयं परुससाधित करने का अवसर मिलेगा। फ्रांस ने पेशकश की है कि यदि भारत चाहे तो वह उसके लिए यह काम कर सकता है। समझा जाता है कि रूस ने भी अपने द्वारा आपूर्ति किए जाने वाले ईंधन का भारत द्वारा पुर्नससाधन किए जाने पर सहमति व्यक्त की है। इसके अलावा भारत के पास स्वयं की ईएन आर प्रौद्योगिकी है, ऐसे में जी-आठ के प्रतिबंध का उस पर कुछ खास असर नहीं पड़ेगा।

वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने सोमवार को संसद में कहा था कि भारत को जी-आठ के इस रुख से चिंतित होने की जरूरत नहीं है क्योंकि उसे आईएईए और एनएसजी से छूट मिल चुकी है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+